कभी अखिलेश के सहयोगी रहे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने आज मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के पैदल मार्च पर तंज़ कसते हुए कहा की जब पांच साल अखिलेश सत्ता में थे, तब तो कुछ किया नहीं और आज पैदल घूम रहे हैं। अखिलेश यादव को जनता ने पैदल कर दिया है तो वो अब क्या करेंगे। जब वो सत्ता में थे तब तो वो कश्यप, निषाद, बिंद, राजभर सबको भूल गये थे, पहचानते नहीं थे और अब नाटक कर रहे हैं। गौरतलब है कि ओम प्रकाश राजभर ने वर्ष 2022 का चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके लड़ा था लेकिन राष्ट्रपति चुनाव के वक़्त उनकी सपा के साथ दूरिया बढ़ गयी थी।
इससे पहले आज मानसून सत्र के पहले दिन अखिलेश यादव ने अपने विधायकों के साथ महंगाई, कानून व्यवस्था और किसान समस्या जैसे मुद्दों पर सरकार के खिलाफ सपा कार्यालय से विधानसभा तक ‘पैदल मार्च’ का ऐलान किया था। हालांकि पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया था जिसके विरोधस्वरूप वो सड़क पर ही धरने पर बैठ गए थे।